धनबाद में ईडी की बड़ी कार्रवाई
कोल कारोबारी एल.बी. सिंह के ठिकानों पर छापेमारी, 16 स्थानों पर दबिश,कुत्तों को खोलकर ईडी टीम को रोका गया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद। कोयला कारोबार से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार की सुबह धनबाद में बड़ी कार्रवाई की। कोल कारोबारी एल.बी. सिंह के आवास सहित उनसे जुड़े कुल 16 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की जा रही है। देव बिला क्षेत्र में स्थित उनके मुख्य आवास पर तड़के कार्रवाई की शुरुआत हुई।
–
कुत्तों को खोलकर ईडी टीम को रोका गया
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम जब एल.बी. सिंह के घर पहुंची तो उन्हें अंदर घुसने से रोकने के लिए एल.बी. सिंह ने अपने पालतू ख़तरनाक कुत्तों को खोल दिया। परिसर में घूम रहे ये कुत्ते ईडी अधिकारियों को घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। इस दौरान एल.बी. सिंह घर के अंदर ही छिपे हुए हैं और बाहर नहीं निकल रहे।
समाचार लिखे जाने तक ईडी टीम अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर घर में प्रवेश की कोशिश कर रही है, लेकिन कुत्तों की वजह से उन्हें कठिनाई हो रही है।
—
इस बीच ईडी का दल एल.बी. सिंह के अन्य ठिकानों पर छापेमारी जारी रखे हुए है, जहां दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की तलाश की जा रही है। जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में इस कार्रवाई से कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

