पटना में एनकाउंटर, पुलिस ने दौड़ा कर मारी गोली, शिक्षक गोलीकांड का आरोपी घायल, 2 गिरफ्तार।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजधानी पटना में अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई एक बार फिर देखने को मिली। ट्रांसपोर्ट नगर के पास हाईवे से सटे गेल सीएनजी पेट्रोल पंप के नजदीक पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक वांछित अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो आरोपी को मौके से दबोच लिया गया।
बता दें 13 मई की तड़के सुबह स्कूल ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक शंभू कुमार पर बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। रोज की तरह स्कूल जा रहे शिक्षक को बाइक सवार दो अपराधियों ने रोककर लूटपाट की कोशिश की थी। जब शिक्षक ने विरोध किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और उन्हें दो गोलियां मार दीं। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस जघन्य वारदात के बाद बिहार पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक अपराधी को गोली लग गई, जबकि 2 अपराधियों मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अपराधी को तुरंत अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों आरोपी शिक्षक लूटकांड में सीधे तौर पर शामिल थे और उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि बिहार पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से अमल कर रही है।

