हितकू में सरकारी रास्ता अतिक्रमण पर बढ़ा विवाद, दो पक्षों में तनातनी; कार्रवाई की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नरवा पहाड़ (जमशेदपुर)। सुंदरनगर थाना क्षेत्र के हितकू पंचायत में सरकारी रास्ता अतिक्रमण कर चारदीवारी निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले को लेकर गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और हालात टकराव की ओर बढ़ते दिख रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बाना डुगरी स्थित खाता संख्या 208, प्लॉट संख्या 1115 की जमीन पर अतिक्रमण कर घेराबंदी किए जाने का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। लोगों का आरोप है कि सरकारी रास्ते की जमीन को घेरकर निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बुलु रानी सिंह की पहल पर अंचलाधिकारी द्वारा स्थल की मापी कराई गई। स्थानीय लोगों ने जमीन मालिक किरण सोरेन (पति आशा राम सोरेन) से निर्माण कार्य रोकने की मांग की है।
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर गांव का माहौल गरमा गया है। लोग प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है।

