राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की स्पेशल मॉनिटर द्वारा जामताड़ा के विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की स्पेशल मॉनिटर डॉ. पूनम मालाकुण्डई ने जामताड़ा जिले में बालिकाओं की शिक्षा एवं शैक्षणिक वातावरण का आकलन करने के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने कस्तूरबा गांधी सीएमएसओई बालिका विद्यालय, जामताड़ा, सीएमएसओई बालिका उच्च विद्यालय, जामताड़ा तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लोहारंगी का निरीक्षण किया।
कस्तूरबा गांधी विद्यालय में उन्होंने प्रत्येक कक्षा में जाकर छात्राओं से गणित, विज्ञान, पर्यावरण एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी शैक्षणिक प्रगति का सूक्ष्म मूल्यांकन किया। छात्राओं के आत्मविश्वास, अनुशासन एवं उत्तर देने की क्षमता पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सशक्त और जागरूक समाज की नींव है। इस अवसर पर उन्होंने कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नारी शिक्षा, स्वाभिमान और सामाजिक समानता के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की स्वच्छता, हरियाली और प्रेरणादायक वातावरण की सराहना की गई। अपने संबोधन में उन्होंने मानवाधिकारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक बच्ची के शिक्षा, सम्मान और सुरक्षा के अधिकार को रेखांकित किया।
इसके पश्चात लोहारंगी विद्यालय में एफ.एल.एन. कार्यक्रम, पोषण वाटिका और कक्षा प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए उन्होंने नवाचारों को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय, अभिभावक और समाज के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

