जनता दरबार में सड़क, नाली और अतिक्रमण की शिकायतें
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित हुआ। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने स्थानीय समस्याओं और शिकायतों से उपायुक्त को अवगत कराया। डीसी ने आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
छोटा गम्हरिया में शराब दुकान के आसपास सड़क पर शराब सेवन और असामाजिक गतिविधियों की शिकायत की गई। वहीं केरला पब्लिक स्कूल के समीप मुख्य सड़क पर नाली का पानी बहने की समस्या भी उठी। आदित्यपुर के आशियाना मोड़ के पास अतिक्रमित भूमि और दुकान पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
इसके अलावा आदित्यपुर रेलवे टनल के नॉर्थ साइड में नई रेल लाइन निर्माण के दौरान सड़क पर मिट्टी फैलने से उत्पन्न फिसलन तथा आदित्यपुर-कांड्रा सड़क के प्रथम किलोमीटर में पान दुकान चौक के पास सड़क निर्माण के समय से बने कट और यातायात व्यवस्था का मामला भी सामने आया।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को स्थल जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई तथा शिकायतों के निराकरण के बाद आवेदकों को इसकी जानकारी देने का निर्देश दिया।

