बारिश के बीच भी SIR शिविरों में पहुंचे नागरिक, 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति का अंतिम मौका
पूर्वी सिंहभूम में मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया जारी, प्रशासन ने समय पर आवेदन की अपील की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया जारी है। दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ बारिश के बावजूद विभिन्न SIR शिविरों में नागरिक पहुंचकर मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर पात्र नागरिक प्रपत्र-6 एवं आवश्यक घोषणा पत्र के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, किसी नाम पर आपत्ति के लिए प्रपत्र-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार और आवश्यकतानुसार स्थानांतरण के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से प्रखंड मुख्यालय और समाहरणालय में शिविर लगाए जा रहे हैं। यहां बीएलओ, निर्वाचन कर्मी, ईआरओ और एईआरओ नागरिकों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन दे रहे हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि 30 सितंबर से पहले अपने नाम और मतदाता सूची में दर्ज विवरण की जांच कर लें। नाम नहीं होने या किसी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।

