फ्लैग मार्च के बीच सरेशाम चेन छिनतई, विरोध पर हवाई फायरिंग; सिदगोड़ा में दहशत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। निकाय चुनाव को लेकर शहर में पुलिस जहां फ्लैग मार्च कर सुरक्षा का संदेश दे रही थी, वहीं शनिवार शाम सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के रोरो रोड पर बेखौफ अपराधियों ने चेन छिनतई की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। विरोध करने पर अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार बागुन नगर निवासी एक महिला शाम करीब 7:30 बजे सब्जी लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और गले से सोने की चेन झपट ली। महिला के शोर मचाने और विरोध करने पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने चुनावी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस तरह की वारदात पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात है, तब अपराधियों का इस तरह सरेआम वारदात करना गंभीर सवाल खड़े करता है।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

