कपाली में गांजा तस्करी का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार
*घर में छोटे पैकेट तैयार करते मिले, 3.093 किलो गांजा और 5.19 लाख नकद बरामद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो काड़ी पत्थर में पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार को पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम ने अशोक तुरहा के घर छापेमारी कर 3.093 किलोग्राम गांजा और 5 लाख 19 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए।
चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दोपहर करीब 12:05 बजे कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, घर में दो व्यक्ति मापी मशीन से गांजा तौलकर छोटे-छोटे प्लास्टिक पैकेट में पैक कर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक तुरहा (42) और उसके पुत्र अभिजीत तुरहा (20), दोनों डोबो काड़ी पत्थर निवासी के रूप में हुई है। मौके से मापी मशीन, स्मार्टफोन, पैकिंग पाउच और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस गांजा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

