बिना कारण डेढ़ दर्जन से अधिक निविदाएं रद्द करना पीडब्ल्यूडी कोड का उल्लंघन : सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम द्वारा नगर निगम चुनाव से पहले प्रकाशित डेढ़ दर्जन से अधिक निविदाओं को बिना कारण रद्द किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे पीडब्ल्यूडी कोड का उल्लंघन बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
राय ने कहा कि पीडब्ल्यूडी कोड के अनुसार एल-1 निविदादाता को कार्य आवंटन, रिमाइंडर, अग्रिम राशि जब्ती तथा एल-2 को अवसर देने की स्पष्ट प्रक्रिया है, लेकिन मानगो नगर निगम ने इन प्रावधानों का पालन किए बिना कई निविदाएं रद्द कर दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन ठेकेदारों ने एकरारनामा कर अग्रिम राशि भी जमा कर दी थी, उनकी निविदाएं भी निरस्त कर दी गईं, जबकि कुछ स्वीकृति प्रक्रिया में चल रही निविदाओं को भी रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है।
सरयू राय ने कहा कि किसी वरिष्ठ लोकसेवक द्वारा ऐसा निर्णय लेना गंभीर और आश्चर्यजनक है। इससे कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं और निहित स्वार्थ या दबाव की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी कोड की अनदेखी गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। इस पूरे मामले को वह विधानसभा के आगामी सत्र में उठाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग करेंगे।

