बारीगोड़ा रेलवे फाटक के पास बस हादसा, 16 वर्षीय किशोरी की मौत, एक बच्ची गंभीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा रेलवे फाटक के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार 16 वर्षीय किशोरी अंजली कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन निधि कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे खड़ी बस का चालक हैंडब्रेक लगाकर चाय पीने चला गया था। इसी दौरान हैंडब्रेक फेल होने से बस पीछे की ओर लुढ़क गई और स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसे में अंजली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल बच्ची को टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क और रेलवे ट्रैक जाम कर दिया तथा बस में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। परिजनों ने बस मालिक से मौके पर आने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

