सुनसान जगह बुलाकर ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय से छिनतई
*कुरकुरे, सॉफ्ट ड्रिंक और आइसक्रीम का दिया था ऑर्डर, मोबाइल भी छीना था, दो गिरफ्तार*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप सुनसान इलाके में ब्लिंकिट डिलीवरी कर्मियों को बुलाकर सामान और मोबाइल छीनने के मामले में आदित्यपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से छिनतई किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 21 और 22 सितंबर को कुछ युवकों ने कुरकुरे, सॉफ्ट ड्रिंक, आइसक्रीम समेत अन्य सामान का ऑनलाइन ऑर्डर कर डिलीवरी कर्मियों को गम्हरिया रेलवे स्टेशन के सुनसान स्थान पर बुलाया। सामान पहुंचने पर आरोपियों ने भुगतान किए बिना सामान ले लिया तथा डिलीवरी बॉय का मोबाइल और अन्य सामान भी छीनकर फरार हो गए।
मामले में ब्लिंकिट कर्मियों ने 23 सितंबर को आदित्यपुर थाना में तीन-चार अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पंकज गोराई (नेमपड़ा, मुरकुम रोड) और सूरज गोराई (सतवाही, धीराजगंज) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बदल गोराई और करण राणा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

