बच्चों को समझने से शुरू होती है बेहतर परवरिश : डॉ. सैनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
शेन इंटरनेशनल स्कूल में अपर केजी और कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए ‘पेरेंटिंग द पैरेंट’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। जमशेदपुर की परामर्शदाता मनोवैज्ञानिक डॉ. प्रीति सैनी ने अभिभावकों को बच्चों की भावनाओं, व्यवहार और जरूरतों को समझने के व्यावहारिक तरीके बताए।
उन्होंने कहा कि बेहतर परवरिश के लिए पूर्णता से अधिक जरूरी है बच्चों को समय देना, धैर्यपूर्वक उनकी बातें सुनना और सहानुभूति के साथ संवाद करना। साथ ही व्यवहार की उचित सीमाएं तय करने और स्वयं भी निरंतर सीखते रहने पर जोर दिया। अभिभावकों ने चर्चा में सक्रिय भागीदारी की।
प्राचार्या तंद्रिमा बनर्जी ने बदलती जीवनशैली में बच्चों के शैक्षणिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास के लिए संतुलित दृष्टिकोण अपनाने की बात कही। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से साझेदारी में काम करने का आह्वान किया। मुख्य अध्यापिका सिमरन सग्गू ने डॉ. सैनी और अभिभावकों के प्रति आभार जताया।

