*प्लेटफार्म पर धुआं देख सहमे यात्री, पिलर की वायरिंग में भड़की आग*
*टाटानगर स्टेशन पर कुछ देर रोकी गई आवाजाही, दमकल टीम ने संभाला मोर्चा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता जमशेदपुर
टाटानगर स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर-1 शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का केंद्र बन गया, जब एक पिलर के अंदर से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं पूरे हिस्से में फैलने लगा और वायरिंग में आग नजर आने लगी। घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई। एहतियातन रेलवे ने कुछ समय के लिए प्लेटफार्म पर यात्रियों की आवाजाही रोक दी।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, शुरुआत में धुएं की वजह स्पष्ट नहीं थी। बाद में पिलर के भीतर लगी वायरिंग में आग दिखाई देने पर यात्री सतर्क हो गए और वहां से हटने लगे। सूचना पर रेलवे अधिकारी और अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची। दमकलकर्मियों ने प्रयास कर आग बुझाई। इसके बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और स्थिति सामान्य होने पर आवाजाही बहाल की गई।
प्रारंभिक जानकारी में वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, रेलवे की ओर से कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। विद्युत व्यवस्था की जांच की जा रही है।

