ऑनलाइन गेम में बड़े इनाम का लालच देकर ठगी, बिरसानगर से पांच आरोपी गिरफ्तार
पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल, 102 एटीएम कार्ड और 67 सिम बरामद; रामगढ़ साइबर ठगी मामले की जांच में हुआ खुलासा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ऑनलाइन गेमिंग में बड़े इनाम का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। जमशेदपुर और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने बिरसानगर के डुंगरी टोला, ओम नगर रोड नंबर दो स्थित एक मकान में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम एवं डेबिट कार्ड, 67 सिम कार्ड समेत कई सामान बरामद किए हैं। शुक्रवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। इस दौरान सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर और बिरसानगर थाना प्रभारी मंटू कुमार भी मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, रामगढ़ साइबर अपराध थाना में दर्ज कांड संख्या 05/2026 की जांच के दौरान आरोपियों के बिरसानगर में सक्रिय होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जमशेदपुर साइबर थाना, बिरसानगर थाना और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने 29 अक्टूबर को संबंधित मकान के प्रथम तल पर छापेमारी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हार की रकम वापस दिलाने का भरोसा देकर लगवाते थे बड़ा दांव
ग्रामीण एसपी ने बताया कि आरोपी ‘GET&ID’ नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को गेम खेलने के लिए प्रेरित करते थे। शुरुआत में कम रकम लगाकर बड़ा इनाम जीतने का लालच दिया जाता था। जब खिलाड़ी पैसे हार जाते थे, तो उन्हें अगली बार बड़ा दांव लगाकर नुकसान की भरपाई करने का भरोसा दिया जाता था। इसी तरीके से लोगों को लगातार पैसे लगाने के लिए प्रेरित कर ठगी की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, ठगी से प्राप्त रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती थी। इसके बाद एटीएम कार्ड के माध्यम से नकद निकासी की जाती थी।
गोलमुरी, टेल्को, बिरसानगर और सिदगोड़ा के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में गोलमुरी निवासी एम. मनु प्रकाश (31), टेल्को निवासी मो. फरहान (21), बिरसानगर निवासी राहुल मिंज, बिरसानगर निवासी अभिषेक राज (25) और सिदगोड़ा निवासी श्रवण सोना (23) शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम एवं डेबिट कार्ड, 67 सिम कार्ड, नौ बैंक पासबुक, हिसाब-किताब से संबंधित चार नोटबुक व रजिस्टर तथा 8,440 रुपये नकद जब्त किए। इसके अलावा वाईफाई राउटर, नेटवर्क केबल, चार्जर, एक मोटरसाइकिल और पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
इस मामले में जमशेदपुर साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 108/2026 दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में जमशेदपुर साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार, इंस्पेक्टर अमित अभिषेक, प्रदीप वर्मा, रामगढ़ के अनुसंधानकर्ता दिगम्बर पाण्डेय और बिरसानगर थाना प्रभारी मंटू कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

