*lबंद पड़ी श्यामलाल आयरन कंपनी से 3.5 लाख के कॉपर केबल व सामान चोरी
*छत के रास्ते बिल्डिंग में घुसे अज्ञात चोर, सुरक्षा गार्ड ने गम्हरिया थाना में दी लिखित शिकायत*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया स्थित बंद पड़ी श्यामलाल आयरन एंड स्टील कंपनी में लाखों रुपये के तांबे के केबल और अन्य सामान की चोरी का मामला सामने आया है। घटना 28 और 29 अक्टूबर की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। कंपनी में तैनात सुरक्षा गार्ड प्रमोद मंडल ने गम्हरिया थाना में लिखित शिकायत देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और मामले की जांच करने की मांग की है।
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, अज्ञात चोर कंपनी की बंद पड़ी बिल्डिंग की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और वहां रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। शिकायत में करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य के तांबे के केबल तथा लगभग एक लाख रुपये के अन्य तांबे, केबल और सामान की चोरी होने की बात कही गई है। इस तरह चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है।
सुरक्षा गार्ड के अनुसार, घटना का पता चलने पर कंपनी प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई। शिकायत में कंपनी परिसर में ताला टूटा हुआ पाए जाने का भी उल्लेख किया गया है। इसके बाद गम्हरिया थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

