अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 13 वाहनों का ब्योरा दर्ज
*एक माह में 8.67 लाख रुपये की वसूली, संयुक्त जांच अभियान चलाने का निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें कार्रवाई की समीक्षा कर संवेदनशील इलाकों में नियमित जांच और संयुक्त छापेमारी पर जोर दिया गया।
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी के अनुसार, 27 सितंबर से 28 अक्टूबर 2026 तक की कार्रवाई के प्रतिवेदन में 13 वाहनों का विवरण दर्ज है। इनमें छह ट्रैक्टर और सात हाइवा शामिल हैं। इस अवधि में करीब 30 हजार सीएफटी बालू की मात्रा दर्ज की गई। कुल छह वाहनों से 8.67 लाख रुपये की वसूली हुई, जबकि एक प्राथमिकी/शिकायत दर्ज की गई।
बैठक में गम्हरिया, सापड़ा, ईचागढ़ और कुकड़ू समेत संवेदनशील क्षेत्रों में जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने थाना प्रभारियों और अंचलाधिकारियों को समन्वय बनाकर अवैध बालू-पत्थर उत्खनन तथा परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सरायकेला व चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।

