उत्क्रमित मध्य विद्यालय मेघौल कन्या परिसर में पीपल की टहनी गिरी, बाल-बाल बचे शिक्षक व छात्र-छात्राएं ।
जर्जर और झुकी टहनियों से हादसे की आशंका, मुखिया ने मंदिर समिति से बात कर समाधान का दिया भरोसा ।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। उत्क्रमित मध्य विद्यालय मेघौल कन्या परिसर में गुरुवार की सुबह करीब 9:50 बजे लगभग 60 वर्ष पुराने पीपल पेड़ की एक टहनी अचानक टूटकर गिर गयी. घटना के समय विद्यालय के शिक्षक, रसोइया और छात्र-छात्राएं चेतना सत्र में शामिल होने के लिए खड़े थे. संयोगवश टहनी की चपेट में कोई नहीं आया और सभी बाल-बाल बच गये. हालांकि, अचानक टहनी गिरने से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गयी तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं और बच्चों के बीच भय का माहौल बन गया. घटना के समय विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका इंद्राणी कुमारी, वरीय शिक्षक अवनीश कुमार वर्मा, अंकित मिश्रा, मिंटू कुमारी, कुमारी नीतू और विज्ञान शिक्षक चंद्रभूषण सहित अन्य शिक्षक, रसोइया एवं सभी छात्र-छात्राएं चेतना सत्र में मौजूद थे. टहनी गिरने की तेज आवाज से सभी सहम गये.

