अनिल कुमार झा बने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी, 450 मतों से दी सर्वेश कुमार को शिकस्त ।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र संख्या-05 से राजद प्रत्याशी अनिल कुमार झा बिहार विधान परिषद सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए हैं. उन्होंने द्वितीय वरीयता के मतों की गणना के आधार पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं निवर्तमान एमएलसी सह भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 450 मतों से पराजित किया. उनकी जीत की घोषणा होते ही राजद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गयी. उल्लेखनीय है कि गत 23 अक्टूबर को बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां स्नातक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था. चार जिलों में कुल 40 प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में रहने के कारण मतगणना की प्रक्रिया लंबी चली. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अक्टूबर को मतगणना होनी थी, लेकिन इसे 29 अक्टूबर तक टाल दिया गया. गुरुवार की देर शाम दरभंगा में मतगणना संपन्न हुई. इसके बाद द्वितीय वरीयता के मतों के आधार पर सहायक निर्वाची पदाधिकारी ने अनिल कुमार झा को विजयी घोषित किया.
खोदावंदपुर में राजद कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न:-
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद गुरुवार की शाम खोदावंदपुर में राजद कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया. प्रखंड राजद अध्यक्ष जियाउर रहमान उर्फ सैफी के नेतृत्व में प्रखंड सह अंचल कार्यालय खोदावंदपुर के मुख्य द्वार के समीप एवं तेतराही, मसुराज, फफौत, सागी, योगीडिह समेत अन्य गांवों में कार्यकर्ताओं ने पटाखे छोड़कर खुशी का इजहार किया. इस दौरान एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर अनिल कुमार झा की जीत पर बधाई दी गयी. जश्न के मौके पर राजद नेता विजय सिंह कुशवाहा, मनोज यादव, मोहम्मद इस्तियाक, शिवजी यादव, संतोष यादव, माले नेता अवधेश कुमार, समाजसेवी देवकुमार चौधरी, राजेश कुमार, रामबाबू शर्मा, संदीप कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे. सभी ने अनिल कुमार झा की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्थन की जीत बताया.

