
करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए महिलाओं ने रखा व्रत, मंदिरों और सभागारों में सुनी कथा


राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। करवा चौथ के पावन अवसर पर महिलाओं ने श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ व्रत रखा। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित कृष्ण मंदिर और दयानंद पब्लिक स्कूल के सभागार में महिलाओं ने एकत्रित होकर करवा चौथ की कथा सुनी।
करवा चौथ भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन सुहागिन महिलाएं व्रत रखकर पूजा-अर्चना करती हैं और चंद्रमा के दर्शन के बाद व्रत का पारण करती हैं। पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने पूजा-पाठ के साथ एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं।
आर्य समाज की ओर से भी करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।

