जादूगोड़ा में सुहागिनों ने रखा करवा चौथ का निर्जला व्रत
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ जादूगोड़ा में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
जादूगोड़ा और माटीगोड़ा के शिव मंदिरों समेत क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही महिलाओं की भीड़ रही। सोलह श्रृंगार कर पहुंचीं महिलाओं ने मां गौरी और भगवान शिव की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शाम को महिलाओं ने समूह में करवा चौथ की कथा सुनी और करवा बदलने की परंपरा निभाई। पूजा में मिट्टी के करवा, दीपक, सिंदूर, चूड़ियों और मिठाइयों का विशेष महत्व रहा।
रात में चंद्रमा के दर्शन के बाद महिलाओं ने छलनी से पहले चांद और फिर पति का चेहरा देखकर व्रत खोला। पतियों ने पानी पिलाकर पत्नी का व्रत पारण कराया। पर्व को लेकर खासकर नवविवाहित महिलाओं में विशेष उत्साह दिखा। पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय और उत्सवी माहौल बना रहा।

