उत्कल ऑटोमोबाइल में हादसा, घायल वेल्डर की इलाज के दौरान मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित उत्कल ऑटोमोबाइल कंपनी में काम के दौरान गंभीर रूप से घायल मजदूर इरशाद आलम (28) की बुधवार शाम टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह कपाली के अंसार नगर का निवासी था और पिछले दो महीने से कंपनी में वेल्डर के रूप में काम कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम कंपनी परिसर में काम करने के दौरान एक बड़े वाहन पर लदा भारी पाइप नीचे गिर गया और इरशाद के सिर पर जा लगा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार शाम उसने दम तोड़ दिया।
इरशाद सात भाइयों में छठे नंबर पर था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की है। प्रबंधन ने बातचीत के बाद उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

