गोलमुरी बैंक डकैती के बाद बैंकों की सुरक्षा बढ़ाने में जुटी पुलिस, एसबीआई और इंडियन बैंक का निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई करोड़ों रुपये की डकैती के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। इस घटना के बाद जिला पुलिस प्रशासन बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को परसुडीह थाना क्षेत्र के कृषि बाजार समिति परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक और इंडियन बैंक का निरीक्षण किया गया।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार और परसुडीह थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा ने दोनों बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों, बैंक परिसर और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की। साथ ही बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा संबंधी कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी सायरन की भी जांच की गई। बैंक मैनेजर द्वारा सायरन बजाने पर उसकी आवाज बैंक के अंदर तक ही सुनाई दी और बाहर तक नहीं पहुंची। इस पर अधिकारियों ने सायरन को ऐसी जगह लगाने का निर्देश दिया, जहां उसकी आवाज बैंक परिसर के बाहर तक सुनाई दे सके, ताकि आपात स्थिति में आसपास के लोगों और पुलिस को तत्काल सूचना मिल सके।
अधिकारियों ने बैंक के अंदर और बाहर बेहतर गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। साथ ही परसुडीह थाना प्रभारी को बैंक क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया।
बैंक मैनेजर अमित गौरव ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से दिए गए सुझावों और निर्देशों को जल्द लागू किया जाएगा। बैंक में बेहतर गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
वहीं, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार ने कहा कि बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से निरीक्षण किया गया है। बैंक प्रबंधन को सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने, सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता बेहतर करने और सायरन की आवाज बाहर तक पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस भी बैंक क्षेत्र में निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाएगी।
गोलमुरी केनरा बैंक डकैती के बाद पुलिस बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी है। अब देखना होगा कि इन उपायों से बैंकिंग संस्थानों में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में कितनी सफलता मिलती है।

