L*जेवियर स्कूल में ‘टेक्नोवा-2026’ में बच्चों ने दिखाई तकनीकी प्रतिभा
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
जेवियर स्कूल गम्हरिया में शुक्रवार को ‘टेक्नोवा-2026’ के तहत एआई, रोबोटिक्स एवं कंप्यूटर प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें कक्षा चार से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने रोबोटिक मॉडल, डिजिटल सामग्री और तकनीकी प्रस्तुतियों के जरिए अपनी रचनात्मकता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में एआई एवं रोबोटिक्स चैलेंज, बेस्ट इनोवेशन, टेक टॉक, वीडियो मेकिंग, डिजिटल पोस्टर मेकिंग और पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन प्रमुख आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों के माध्यम से तकनीकी समझ, तार्किक चिंतन और समस्या समाधान की क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन शिक्षक शुभम चौहान, जितेंद्र महतो, रौनक श्रीवास्तव और संजय महतो ने किया।
कार्यक्रम का आयोजन फादर सेबेस्टियन पुथेनपुरा एसजे, सिस्टर दीपिका सीटीसी, सिस्टर निवेदिता सीटीसी और प्रशासक ब्रदर अमलराज एसजे के मार्गदर्शन में हुआ। इसके सफल संचालन में शिक्षक गौतम गोराई और शिक्षिका शिल्पा मिश्रा का विशेष योगदान रहा।

