मानगो-डिमना रोड बाजार में चोरों का तांडव, एक ही रात में 10 से 12 दुकानों के ताले तोड़े
राष्ट्र संवाद संवादाता
नकदी व कीमती सामान पर किया हाथ साफ, व्यापारियों में दहशत; पुलिस गश्ती व्यवस्था पर उठे सवाल
जमशेदपुर: शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार देर रात ओलीडीह थाना क्षेत्र के मानगो-डिमना रोड स्थित बाजार में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में करीब 10 से 12 दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मुख्य रूप से किराना, मेडिकल, हार्डवेयर और अन्य रोजमर्रा के सामान की दुकानों को निशाना बनाया। जिन प्रतिष्ठानों में चोरी की पुष्टि हुई है, उनमें श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल की हार्डवेयर दुकान, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर शामिल हैं। इसके अलावा आसपास की कई अन्य दुकानों के ताले भी तोड़े गए या तोड़ने का प्रयास किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कई दुकानों से गल्ले में रखी नकदी, जरूरी सामान और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी हुई हैं। हालांकि कुल नुकसान का आकलन अभी दुकानदारों द्वारा किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि चोर देर रात सुनसान माहौल का फायदा उठाकर बाजार पहुंचे और एक-एक कर दुकानों के शटर व ताले तोड़ते हुए आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे हुए ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी घटनास्थल पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने तथा चोरी की घटनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

