जमशेदपुर: कराटे ब्लैक बेल्ट ग्रेडेशन एवं जज-रेफरी सेमिनार का आयोजन, आत्मरक्षा को बताया समय की सबसे बड़ी जरूरत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार, 12 जुलाई को ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में कराटे ब्लैक बेल्ट ग्रेडेशन एवं जज-रेफरी सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ झारखंड द्वारा किया गया, जबकि इसकी मेजबानी ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ ईस्ट सिंहभूम ने की। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न कराटे प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और ब्लैक बेल्ट अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेमिनार एवं ग्रेडेशन परीक्षा का संचालन ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चीफ टेक्निकल डायरेक्टर सिहान तारक नाथ सरदार ने किया। वे जापान से 6th डैन ब्लैक बेल्ट धारक हैं तथा एशियन कराटे फेडरेशन के रेफरी और वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के जज एवं रेफरी कमीशन (KIO) के सदस्य भी हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को कराटे की आधुनिक तकनीकों, प्रतियोगिता के नियमों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की जजिंग एवं रेफरिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सेंसेई शिवम कुमार, चीफ इंस्ट्रक्टर (GSKAJ) एवं प्रेसिडेंट, स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ ईस्ट सिंहभूम ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं और बेटियों के लिए अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा की कला नहीं, बल्कि मानसिक विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस का भी प्रभावी माध्यम है।
सेंसेई शिवम कुमार ने बताया कि ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ झारखंड का उद्देश्य राज्य के हर घर तक कराटे की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक बहन और बेटी जरूरत पड़ने पर अपनी सुरक्षा स्वयं कर सके। उन्होंने कहा कि आज कराटे सेल्फ डिफेंस के साथ-साथ एक लोकप्रिय प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा बेटियों की सुरक्षा और आत्मरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि इस दिशा में संगठन हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में सफल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

