बहरागोड़ा में 44 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; कार के गुप्त तहखाने से मिला नशे का सामान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बहरागोड़ा के जामशोला चेकनाका (NH-49) पर 44 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 22 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर की रात गुप्त सूचना पर ओडिशा की ओर से आ रही सफेद महिंद्रा जाइलो कार (OD02Z-8532) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिक्की के बॉडी में बनाए गए गुप्त तहखाने से 44 पैकेट गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक पैकेट का वजन एक किलो था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के संबलपुर जिले के भाबग्राही साहू (40) और ध्रुव चरण बेहरा (50) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के फूलबानी (कंधमाल) से खड़गपुर (पश्चिम बंगाल) समेत अन्य स्थानों पर ले जाकर बेचने की बात बताई है।
पुलिस ने गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल कार, 20,760 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड और एक कीपैड मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 68/2026 के तहत NDPS एक्ट एवं BNS की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।