गुड़ाबांदा में बालू के अवैध कारोबार पर विशेष छापेमारी के निर्देश, बालू घाटों और परिवहन मार्गों पर होगी निगरानी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम में अवैध खनन, बालू तस्करी और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खनिज संपदा का अवैध दोहन करने वालों के खिलाफ नियमित जांच, छापेमारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
बैठक में बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में अब तक अवैध खनन कारोबारियों के खिलाफ 17 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। 108 वाहन जब्त किए गए और 131.79 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं, 26 अक्टूबर से 22 नवंबर तक की कार्रवाई में पांच हाइवा, 136 टन बालू और 16 टन पत्थर जब्त किए गए।
गुड़ाबांदा क्षेत्र में बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों पर उपायुक्त ने विशेष अभियान चलाकर जांच और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने बालू घाटों, परिवहन मार्गों और भंडारण स्थलों पर सतत निगरानी रखने तथा खनिजों के वैध परिवहन और भंडारण से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने को कहा।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम (विधि-व्यवस्था), एसडीएम घाटशिला अमिताभ भगत और जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े।

