सड़क हादसों में सितंबर में 20 मौतें, प्रशासन सख्त; मानगो फ्लाईओवर दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स एवं यातायात-सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि सितंबर माह में 23 सड़क दुर्घटनाओं में 20 लोगों की मौत और छह लोग घायल हुए। अधिकांश हादसों के पीछे वाहन चालकों की लापरवाही सामने आई। दोपहिया चालकों द्वारा हेलमेट नहीं पहनने और यातायात नियमों की अनदेखी पर विशेष चिंता जताई गई।
उपायुक्त ने मानगो फ्लाईओवर का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने, जादूगोड़ा-पोटका सड़क से झाड़ियों की कटाई कराने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्पीड गन के स्थान पर ANPR कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। मरम्मत कार्य कम यातायात वाले समय में कराने और कार्यस्थल पर दोनों ओर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा साकची गोलचक्कर के पास ऑटो स्टैंड विस्तार का प्रस्ताव, नीलडीह सिग्नल की मरम्मत, मानगो बस स्टैंड से जर्जर बसों को हटाने और सदर अस्पताल के समीप स्पीड ब्रेकर बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 210 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और 14,16,300 रुपये जुर्माना वसूला गया है। उपायुक्त ने नियमित जांच, दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइनेज लगाने तथा गुड सेमेरिटन योजना का अस्पतालों में प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।
बैठक में एसडीओ धालभूम अर्नव मिश्रा, एसडीओ घाटशिला अमिताभ भगत, जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, एनएचएआई, पथ निर्माण विभाग, जुस्को और यातायात पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।

