बागबेड़ा में पानी खोलने के समय पर बवाल, पंप हाउस पहुंचे आक्रोशित लोग
चार साल से वेतन नहीं मिलने का ऑपरेटर का आरोप, मुखिया से नोकझोंक के बाद तय हुआ जलापूर्ति का समय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में अनियमित जलापूर्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। रविवार को पानी खोलने के समय को लेकर ऑपरेटर राम सिंह और मुखिया राजकुमार गौड़ के बीच विवाद हुआ। सोमवार सुबह आक्रोशित कॉलोनीवासी फिल्टर पंप हाउस पहुंच गए, जहां दोनों के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप हुए।
ऑपरेटर राम सिंह के अनुसार, उन्होंने रविवार को दोपहर तीन बजे पानी की आपूर्ति शुरू की थी, जबकि मुखिया ने शाम चार बजे पानी खोलने का निर्देश दिया था। ऑपरेटर ने आरोप लगाया कि इस विवाद में उन्हें फोन पर बदसलूकी करते हुए काम पर नहीं आने और पंप हाउस की चाबी सौंपने को कहा गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि चार वर्षों में उन्हें केवल 72 हजार रुपये वेतन मिला है और लाखों रुपये बकाया हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलापूर्ति का समय दोनों पंचायतों की ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियों की सहमति से निर्धारित होना चाहिए, न कि किसी एक व्यक्ति के निर्णय से। विवाद के बाद आपसी आग्रह पर सोमवार को दोपहर 12 बजे और शाम चार बजे पानी की आपूर्ति की गई।
गौरतलब है कि नियमित जलापूर्ति की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, श्रवण मिश्रा और मुखिया प्रतिनिधि केडी मुंडा पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता एसके दिनकर को मांग पत्र सौंप चुके हैं। अब कॉलोनीवासियों को नियमित जलापूर्ति और विवाद के स्थायी समाधान का इंतजार है।

