नारायणी मंदिर स्थापना दिवस पर निकली भव्य शोभायात्रा, खाटू श्याम के जयकारों से गूंजा सोनारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता,
जमशेदपुर के सोनारी स्थित नारायणी मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। स्थापना दिवस के दूसरे दिन सोमवार को मारवाड़ी समाज की ओर से भगवान खाटू श्याम महाराज के सम्मान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा सोनारी राम मंदिर से प्रारंभ होकर सोनारी स्थित नारायणी मंदिर पहुंची। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान भगवान खाटू श्याम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। खास बात यह रही कि शोभायात्रा में शामिल होने के लिए खाटू श्याम धाम से दो मेहमान भी जमशेदपुर पहुंचे।
आयोजकों ने बताया कि नारायणी मंदिर के स्थापना दिवस को लेकर कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और कार्यक्रमों का आयोजन होगा। स्थापना दिवस समारोह को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।