राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुंबई, 23 नवंबर: टाटा स्टील ने स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों के कारोबार को विस्तार देने के लिए एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड और उसके प्रमोटरों के साथ रणनीतिक समझौता किया है। इसके तहत टाटा स्टील अपना स्टील ट्यूब और कलर कोटेड कारोबार एपीएल अपोलो को हस्तांतरित करेगी। इस सौदे का मूल्य करीब 28 हजार करोड़ रुपये बताया गया है। साथ ही टाटा स्टील एपीएल अपोलो में प्रमोटरों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी भी खरीदेगी।
इस साझेदारी का लक्ष्य वर्ष 2035 तक कंपनी की वार्षिक उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 15.5 मिलियन टन करना है। इसमें 9 मिलियन टन स्टील ट्यूब और 6.5 मिलियन टन कलर कोटेड उत्पादों की क्षमता शामिल होगी। इस समझौते से भारतीय स्टील उद्योग में डाउनस्ट्रीम कारोबार को विस्तार देने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में नई पहल होगी।

