*राष्ट्र संवाद/बखरी-बेगूसराय।* कावर झील से बगरस तक बनी नहर में जल निकासी का मार्ग अवरुद्ध हो जाने से क्षेत्र के किसानों की परेशानी बढ़ गई है। जलजमाव से चौर की उपजाऊ जमीन डूबने लगी है, जिससे रबी फसल की बुआई पर संकट मंडराने लगा है।
इसको लेकर बागवन पंचायत के किसानों ने अनुमंडल पदाधिकारी ऐश्वर्य कश्यप को लिखित आवेदन देकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
किसानों का आरोप है कि नहर में पानी निकासी के रास्ते को कुछ मछुआरों ने मछली पकड़ने के लिए मिट्टी व अन्य अवरोध डालकर बंद कर दिया है। वहीं बगरस स्थित बांध पर जल निकासी के लिए बना सुलिस गेट भी पूरी तरह बंद है। इससे नहर का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है।
किसान संजय पासवान, मांगन सदा, सुखदेव महतो, रामानंद महतो, पंकज कुमार, मुख्तार आलम, आलोक कुमार, महेंद्र महतो, अमित कुमार, ललन महतो, प्रमोद महतो, मो. रुस्तम, राधे कृष्ण वर्मा, संजीत वर्मा, कुंदन महतो और राजेश वर्मा सहित अन्य किसानों ने कहा कि पानी जमा रहने से नहर से सटे चौर में जलजमाव हो गया है।
किसानों के अनुसार यदि जल्द जल निकासी नहीं हुई तो हजारों एकड़ जमीन पर रबी फसल की बुआई प्रभावित हो सकती है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होगा।
धर, लोजपा के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान और अधिवक्ता गौरव कुमार ने किसानों की मांग को जायज बताते हुए प्रशासन से तत्काल पहल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों की आजीविका खेती पर निर्भर है। प्रशासन को स्थल निरीक्षण कर नहर के अवरुद्ध मार्ग को खुलवाना चाहिए और बगरस के सुलिस गेट को चालू कराना चाहिए।
