बकरी चोरी का विरोध करने पर मालिक का लोहे की रॉड से फोड़ा सिर, सात खस्सी व एक बकरी लेकर फरार हुए बदमाश
राष्ट्र संवाद/खोदावंदपुर (बेगूसराय)। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के फफौत पंचायत अंतर्गत मालपुर गांव के वार्ड तीन में रविवार की देर रात बकरी चोरी करने पहुंचे बदमाशों ने विरोध करने पर बकरी मालिक पर लोहे की रॉड से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया. इसके बाद बदमाश सात खस्सी और एक बकरी लेकर फरार हो गये. इस घटना में बकरी मालिक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी की पहचान मालपुर गांव निवासी मोहम्मद मियां के पुत्र मोहम्मद उस्मान के रूप में की गयी है. परिजनों एवं ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में सात टांके लगायें. रविवार की रात उनकी सात खस्सी और एक बकरी झोपड़ीनुमा घर में बंधी हुई थी. झोपड़ी में बाहर से ताला लगा था. देर रात अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर झोपड़ी में प्रवेश किया और बकरियों को खोलकर ले जाने लगे. इसी दौरान उनकी नींद खुल गयी. बाहर निकलकर जब उन्होंने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपितों ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया. इसके बाद सभी आठ बकरियों को लेकर फरार हो गये. घटना की सूचना पीड़ित ने खोदावंदपुर पुलिस को दी है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

