युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने की पहल, 35 अभ्यर्थियों को दिया गया हाउसकीपिंग का प्रशिक्षण
(बेगूसराय) राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने एवं उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवाचार विजन फाउंडेशन ,तेघड़ा के सहयोग में डॉक्टर फॉर यू की परियोजना गरिमा के अंतर्गत तीन दिवसीय हाउसकीपिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 से 23 नवंबर 2026 तक युवक संघ पुस्तकालय, पकठौल के सभागार भवन में आयोजित किया गया। इसमें पकठौल एवं रातगांव क्षेत्र के 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के कुल 35 बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर फॉर यू के प्रशिक्षक तबिश कासिम ने किया। तीन दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को हाउसकीपिंग से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान कार्यक्षेत्र में आवश्यक कौशल, कार्य करने के तरीके एवं रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी सफल प्रतिभागियों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण नवाचार विजन फाउंडेशन के सचिव सुमन कुमार जायसवाल और प्रशिक्षक तबिश कासिम के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सचिव सुमन कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले योग्य अभ्यर्थियों को जल्द ही स्थानीय क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना गरिमा का मुख्य उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को उनकी योग्यता एवं आवश्यकता के अनुसार रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में सुधीर कुमार, प्रियंका देवी, बलवीर कुमार, अंजलि कुमारी, मंजू देवी सहित 35 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शत्रुघ्न कुमार शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
अंत में डॉक्टर फॉर यू के प्रशिक्षक तबिश कासिम ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया

