गांधी जयंती पर बच्चों ने दिया जागरूकता का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
गांधी जयंती पर शेन इंटरनेशनल स्कूल में स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश गूंजा। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान और जूनियर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेकर गांधीजी के आदर्शों को अपने कार्यों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
विद्यालय के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के महत्व को रेखांकित किया। वहीं, जूनियर कक्षाओं के बच्चों ने चित्रों में रंग भरकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया और गांधीजी के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
विद्यालय की प्राचार्या तन्द्रिमा बनर्जी ने विद्यार्थियों को गांधीजी के स्वच्छता संबंधी विचारों से अवगत कराते हुए स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अपनाकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और रचनात्मकता के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।

