प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को किया गया पुरस्कृत
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
राजकीय उड़िया मध्य विद्यालय में समारोह आयोजित कर हाल में हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत संस्कार के अध्यक्ष विनोद वार्ष्णेय ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने में अभिभावकों के साथ शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का संचालन शिक्षाविद् एसडी प्रसाद ने किया। इस दौरान एकल नृत्य प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आरोही को स्वर्ण पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सामूहिक देशभक्ति नृत्य, क्विज, चित्रांकन सहित अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और कलम प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
मौके पर विद्यालय की प्राचार्य ममता झा, शिक्षिका पुष्पा, नंदिता दास, शिक्षक राजीव कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे।

