शॉर्ट सर्किट से बिजली के डब्बे में लगी आग।मची अफरातफरी।
छौड़ाही के बरदाहा में हनुमान मंदिर के पास देर रात हुआ हादसा। बिजली कटवाकर ग्रामीणों ने बाल्टी से पानी डालकर बुझाई आग।
छौड़ाही।थाना क्षेत्र के अमारी पंचायत के बरदाहा गांव के वार्ड संख्या 15 में मंगलवार देर रात बिजली के खंभे पर लगे डब्बे में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। हनुमान मंदिर के समीप शॉर्ट सर्किट के बाद डब्बे से तेज चिंगारी निकलने लगी और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आसपास झोपड़ीनुमा घर होने के कारण ग्रामीणों में आग फैलने की आशंका से दहशत का माहौल बन गया।ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग के लाइनमैन को सूचना देकर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई। बिजली कटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद ग्रामीणों ने बाल्टी में पानी लाकर आग और डब्बे से निकल रही चिंगारी को बुझाया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।ग्रामीणों के अनुसार, उक्त बिजली लाइन से करीब 10 से 15 घरों में कनेक्शन जुड़ा हुआ है। लोगों ने बताया कि समय रहते बिजली बंद नहीं की जाती तो चिंगारी आसपास के झोपड़ीनुमा घरों तक पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।सूचना पर बिजली विभाग के लाइनमैन विजय कुमार झा के सहयोगी मनोज यादव, नीतीश कुमार, रमेश कुमार, अजय कुमार और जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। कर्मियों ने देर रात तक खराबी दूर करने का काम किया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली के खंभे पर लगे डब्बे, तार और कनेक्शन की नियमित जांच कराने तथा समय-समय पर मेंटेनेंस कराने की मांग बिजली विभाग से की है।

