यूपी में भारी बारिश से राहत-बचाव तेज, नेपाल सीमा से लगे जिलों में विशेष सतर्कता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार भारी बारिश के बीच प्रदेश सरकार ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने सभी प्रभावित जिलों के डीएम को फील्ड में रहकर स्थिति की निगरानी और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में सामान्य से 19 गुना अधिक वर्षा हुई। फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना तथा कन्नौज, कानपुर देहात और हरदोई में 130 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई। अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
नेपाल में भारी बारिश को देखते हुए पूर्वी यूपी के नेपाल सीमा से लगे जिलों में विशेष निगरानी बढ़ाई गई है। नदियों के जलस्तर में संभावित वृद्धि को लेकर बाढ़ राहत दलों को अलर्ट रखा गया है। फायर सर्विस, पीएसी, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और आपदा मित्रों को जरूरत के अनुसार तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे कराने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा गया है। मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे बाद मौसम में सुधार की संभावना जताई है। आपात स्थिति में राहत हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

