जमशेदपुर बर्मामाइंस सुनसुनिया गेट पर दिनदहाड़े चाकूबाजी, वाहन हटाने को लेकर विवाद में युवक पर हमला, टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर खड़े एक बड़े वाहन को हटाने को लेकर हुए विवाद में शुभम कुमार नामक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. बताया जाता है कि सुनसुनिया गेट के पास सड़क पर एक बड़ा वाहन खड़ा था। शुभम कुमार ने वाहन चालक या संबंधित व्यक्ति से सड़क से वाहन हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि सामने वाले व्यक्ति ने चाकू निकालकर शुभम पर हमला कर दिया। चाकू लगने से शुभम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल शुभम ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल टीएमएच ले गए। परिजनों के अनुसार, शुभम की हालत गंभीर बनी हुई है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमले में शामिल व्यक्ति की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस विवाद के वास्तविक कारणों के साथ-साथ चाकूबाजी की पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।

