पोटका एसआईआर में 29 हजार मतदाताओं की विसंगति
*दस्तावेज जुटाने में ग्रामीणों की परेशानी दूर करने और प्रक्रिया सरल बनाने की मांग की विधायक संजीव सरदार ने*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान दस्तावेज प्रस्तुत करने में ग्रामीणों को हो रही परेशानी को लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। विधायक ने एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए पात्र मतदाताओं के लिए दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया को सरल, सहज और व्यवहारिक बनाने की मांग की।
बैठक में विधायक ने बताया कि पोटका प्रखंड में मैपिंग के बाद भी करीब 29 हजार मतदाताओं को विसंगति सूची में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि नाम, पता और उम्र जैसी छोटी त्रुटियों को लेकर जारी नोटिस से ग्रामीण परेशान हैं। नोटिस के बाद मांगे जा रहे दस्तावेज जुटाने में गरीब, आदिवासी और मूलवासी परिवारों को पंचायत से प्रखंड कार्यालय तक दौड़ लगानी पड़ रही है। कई लोग दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि ऐसी स्थिति में वास्तविक पात्र मतदाताओं के नाम प्रभावित होने की आशंका को गंभीरता से लेते हुए प्रक्रिया सुगम होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से छोटी त्रुटियों के सुधार में अनावश्यक परेशानी नहीं देने और मामलों का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा।
संजीव सरदार ने केंद्र सरकार पर प्रक्रिया जटिल बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल को मामले से अवगत कराएंगे। बैठक में एडीएम मुकेश मछुआ, बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, सीओ निकिता बाला, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

