ड्रोन सर्विलांस से मिली सूचना पर धमधमियां जंगल में CISF की छापेमारी, 50 टन अवैध कोयला जप्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के धमधमियां जंगल में अवैध कोयला खनन और चोरी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्रोन सर्विलांस के दौरान मिली सूचना के आधार पर CISF की टीम ने जंगल में छापेमारी कर करीब 50 टन अवैध रूप से खनन किया गया कोयला बरामद किया। जानकारी के अनुसार, CISF की ड्रोन सर्विलांस टीम को धमधमियां जंगल क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियों के संकेत मिले थे। सूचना के आधार पर CISF इकाई एनके एवं पिपरवार के कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर कोयला छापेमारी टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। मनोहर बरवाहा के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान जंगल में अवैध रैट-होल माइनिंग के जरिए खनन किए गए करीब 50 टन कोयले का पता चला। टीम ने मौके पर बनाए गए अवैध खनन के गड्ढों और अन्य खनन स्थलों का भी निरीक्षण किया। मामले की सूचना मिलने के बाद CISF कमांडेंट अमित कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और अवैध खनन स्थल का जायजा लिया। CISF की ओर से मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस और CCL प्रबंधन को भी मामले की जानकारी दी गई है। अवैध खनन स्थल के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बरामद कोयले को लेकर MMDR Act के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं, जब्त कोयले को रोहिणी क्षेत्र में ले जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान उप कमांडेंट दिनेश कुमार, उप कमांडेंट अजय कुमार पांडेय, सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया, निरीक्षक पंकज झा, निरीक्षक रंजीत कुमार सहित CISF की कोयला छापेमारी टीम मौजूद थे।

