साकची पुराने कोर्ट के पास सड़क हादसा, बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित पुराने कोर्ट के समीप बुधवार को एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
घायल युवक की पहचान डिमना निवासी अमन गुप्ता के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सड़क पर दूर तक घिसट गई और युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और इसकी सूचना पुलिस तथा एंबुलेंस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमन गुप्ता को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

