जामताड़ा में शनिवार को चलेगा विशेष जांच अभियान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए 23 मई 2026 (शनिवार) को विभिन्न पंचायतों में विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रखंडवार नामित वरीय पदाधिकारी पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। अभियान के दौरान पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पीडीएस दुकान, पेयजलापूर्ति व्यवस्था, मनरेगा योजनाएं, आवास योजनाएं, स्वास्थ्य एवं उप स्वास्थ्य केंद्र, 15वें वित्त आयोग से संबंधित कार्य, कल्याण छात्रावास और प्रशिक्षण संस्थानों की जांच की जाएगी। निरीक्षण के बाद अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्र में जांच प्रतिवेदन सौंपना होगा। जांच अभियान की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाएगी।
शनिवार को जामताड़ा प्रखंड के सुपायडीह एवं रानीडीह, नारायणपुर के देवलबाड़ी एवं बुटबेरिया, करमाटांड़ (विद्यासागर) के कुरुवा, नाला के बंदरडीहा, फतेहपुर के बिंदापाथर तथा कुंडहित के बनकाटी पंचायत में निरीक्षण किया जाएगा।

