जामताड़ा में कल प्रकाशित होगी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 23 मई 2026 को अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची के मैपिंग कार्य में तेजी लाने और उसे अद्यतन करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं का पिछले गहन पुनरीक्षण में प्रकाशित मतदाता सूची से मिलान और मैपिंग का कार्य जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चल रहा है। मतदाताओं को अद्यतन स्थिति की जानकारी कम होने और रुचि में कमी के कारण अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है। ऐसे में सभी अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर जल्द से जल्द अपनी मैपिंग सुनिश्चित कराएं।
प्रकाशित सूची में संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर भी अंकित रहेगा, ताकि मतदाताओं को सुविधा मिल सके। साथ ही बीएलओ को सूची की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे एबसेंट, शिफ्टेड, मृत या डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची को अंतिम रूप दिया जा सके।
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नाला विधानसभा क्षेत्र में 84.27 प्रतिशत तथा जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 76.53 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है। एक सप्ताह के भीतर सभी शेष मतदाताओं की मैपिंग कराने का लक्ष्य रखा गया है।

