पी. एन. बोस की 171वीं जयंती पर टाटा स्टील ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 12 मई 2026। टाटा स्टील ने भारत के प्रख्यात भूवैज्ञानिक और दूरदर्शी विचारक प्रमथ नाथ (पी. एन.) बोस की 171वीं जयंती के अवसर पर जमशेदपुर में आयोजित एक स्मृति सभा में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संदीप कुमार, वाइस प्रेसिडेंट (रॉ मटेरियल्स), टाटा स्टील मुख्य अतिथि तथा शैलेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष, टाटा वर्कर्स यूनियन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी ने पी. एन. बोस को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1904 में पी. एन. बोस द्वारा जमशेदजी नसरवानजी टाटा को मयूरभंज क्षेत्र में लौह अयस्क भंडार के संबंध में लिखा गया ऐतिहासिक पत्र आगे चलकर 1907 में टाटा स्टील की स्थापना का महत्वपूर्ण आधार बना। भूविज्ञान, खनिज अन्वेषण, वैज्ञानिक अनुसंधान और राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी नई पीढ़ियों को प्रेरित करता है।
इस अवसर पर टाटा स्टील के नेचुरल रिसोर्सेज डिवीजन (एनआरडी) की ओर से जमशेदपुर स्थित पी. एन. बोस जियोलॉजिकल सेंटर में उनके जीवन और कार्यों पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें भारत में खनिज अन्वेषण की दिशा तय करने और औद्योगिक विकास को गति देने में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
टाटा स्टील ने इस अवसर पर वैज्ञानिक प्रगति, नवाचार, सतत विकास और राष्ट्रनिर्माण के प्रति पी. एन. बोस के दूरदर्शी विचारों को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प को दोहराया।

