जामताड़ा : कुंडहित की दिवाषी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय एयरगन प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड के ताराबाद की सुधीर हेंब्रम की बेटी दिवाषी हेंब्रम ने थाईलैंड में 4 से 7 मई तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम के अंडर-20 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले, राज्य और देश का नाम रोशन किया है। स्वर्ण पदक जीतकर लौटने पर टाटा-दानापुर एक्सप्रेस से जामताड़ा रेलवे स्टेशन पहुंची दिवाषी का खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने भव्य स्वागत किया। फूल-माला, ढोल-नगाड़ों और तिरंगे के साथ ‘भारत माता की जय’ के नारों से स्टेशन परिसर गूंज उठा।
इसके बाद दिवाषी को मां चंचला मंदिर ले जाया गया, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। बाजार भ्रमण के उपरांत सामर्थ्य सेल्फ डिफेंस फिटनेस ट्रेनिंग सेंटर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यहां खिलाड़ियों ने माला पहनाकर, गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की।
ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ जामताड़ा ही नहीं, पूरे झारखंड और देश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि दिवाषी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। समारोह में भास्कर चंद, सूरज पासवान, अमित राय, संजीव सेन, सोमनाथ दत्ता, आर्यन अंसारी, पूजा गुप्ता समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रशासक मौजूद रहे।

