रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित रापचा डैम में उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरते हुए देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और घटना की सूचना तत्काल गम्हरिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक शराब के नशे में हो सकता है, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस संबंध में थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने बताया कि शव काफी सड़ा-गला होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन छानबीन जारी है।

