

जमशेदपुर। छठ महापर्व को देखते हुए बिरसानगर क्षेत्र के हर्लुंग छठ घाट पर पुलिस प्रशासन, बिरसानगर शांति समिति के सदस्यों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों के संयुक्त प्रयास से साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साफ-सफाई कार्यक्रम में बिरसानगर थाना प्रभारी एवं उनकी पुलिस टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर छठ घाट और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने का प्रयास किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से केंद्रीय शांति समिति के सदस्य प्रमोद तिवारी, थाना शांति समिति के संजय घोष, भिखू महतो, छोटू रविदास, क्षेत्र की मुखिया एस. देवी, शांति समिति की सुलोचना देवी, अमूल्य कर्मकार, सत्य प्रकाश, रोशन, चंचल लकड़ा, जितेंद्र कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आपसी सहयोग और कड़ी मेहनत से सफाई अभियान को सफल बनाया। इस पहल से सामाजिक एकता, सामुदायिक सहभागिता और छठ महापर्व के प्रति लोगों की आस्था एवं समर्पण का संदेश मिला।

