
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा स्टील फाउंडेशन की प्रमुख पहल ‘संवाद’ का 13वां संस्करण 15 से 19 नवंबर तक जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित होगा। इसमें देश के 26 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की 353 जनजातीय समुदायों के कम से कम 2500 प्रतिनिधि शामिल होंगे। पांच दिवसीय आयोजन में जनजातीय संस्कृति, परंपरा, ज्ञान, पहचान और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
झारखंड स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ और धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनजातीय भोजन, संगीत, कला, सिनेमा, हस्तशिल्प और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की झलक देखने को मिलेगी।
आयोजन में 70 जनजातीय होम शेफ, 142 शिल्पकार, 207 पारंपरिक उपचार पद्धति के जानकार और 675 प्रतिभागी अखड़ा संवाद में हिस्सा लेंगे। वहीं, जनजातीय सिनेमा मंच पर 25 चयनित फिल्मों का प्रदर्शन होगा। शिल्पकारों के 68 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनसे करीब 1.5 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
टाटा स्टील फाउंडेशन के अनुसार, वर्ष 2014 में शुरू हुआ संवाद अब तक 353 जनजातीय समुदायों के 1.3 लाख से अधिक लोगों को जोड़ चुका है। इस वर्ष 15 प्रतिशत भागीदारी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) की होगी। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समुदायों को अपनी संस्कृति, ज्ञान और आकांक्षाओं को स्वयं प्रस्तुत करने का राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।

