रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड से एक चिंताजनक लेकिन साहस से भरी घटना सामने आई है, जहां एक 9 वर्षीय स्कूली बच्ची ने अपहरण की कोशिश को अपनी सूझबूझ और हिम्मत से नाकाम कर दिया। जानकारी के अनुसार पानीटंकी निवासी लक्ष्मी धनवार मंगलवार शाम मनोहरपुर बाजार से दुकान के लिए सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। बताया जाता है कि युवक बच्ची के घर के पास पहुंचने के बजाय आगे निकल गया। इस पर लक्ष्मी ने कई बार बाइक रोकने को कहा, लेकिन जब युवक ने बाइक नहीं रोकी तो बच्ची ने अद्भुत साहस दिखाते हुए चलती मोटरसाइकिल से छलांग लगा दी। गिरने के कारण वह घायल हो गई, लेकिन इसके बावजूद उसने हार नहीं मानी और सामने से आ रहे राहगीरों से मदद मांगते हुए किसी तरह अपने घर पहुंची। घटना के बाद बच्ची की मां उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इस घटना को लेकर मनोहरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

